फिरोजाबाद पुलिस एवं प्रशासन की टीमें 55 घंटे के लॉकडाउन का पालन कराने की रणनीति बनाने में जुट गईं। बाजारों को बंद कराने के साथ बैरियरों पर सघन चेकिंग की जाएगी। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम चंद्र विजय सिंह ने कंटेनमेंट जोन का भ्रमण करके टीमों के द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
कोरोना संक्रमित मरीजों के लगातार निकलने के साथ ही शुक्रवार की रात दस बजे से सोमवार को तड़के पांच बजे तक 55 घंटे तक लगने वाले लॉकडाउन को जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी ढंग से लागू करने की प्लानिंग की गई है।
शासन के निर्देशानुसार हाईवे पर आवागमन जारी रहेगा। परिवहन निगम की बसें संचालित होंगी, लेकिन शहरी क्षेत्र में बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे। आवश्यक सामग्री की दुकानें मेडिकल, फल एवं सब्जी की मंडियों को खोला जा सकेगा। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने कहा कि वह टीम के साथ बाजारों में सक्रिय रहेंगे।