फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: लॉकडाउन में खुली दुकान बंद कराने पर पुलिस पर हमला, महिला दरोगा सहित पांच घायल

Sun, 18 Apr 2021 07:58 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है। एत्माद्दौला की आरबी पुरम कॉलोनी में साप्ताहिक लॉकडाउन के बावजूद एक दुकान खुली थी। पुलिस ने दुकान बंद करने को कहा तो दुकानदार और उसके परिवारवालों ने हमला कर दिया। 
विज्ञापन
पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़े महिला और उसका परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के एत्माद्दौला की आरबी पुरम कॉलोनी में रविवार दोपहर को लॉकडाउन के दौरान खुली दुकान को बंद कराने पर दुकानदार और उसके परिवार के लोगों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। पहले दरोगा पर पथराव किया, बाद में थाने से फोर्स पहुंची तो पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इन पर भी ईंट-पत्थर फेंके। हमले में महिला दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने छह लोगों को मौके से पकड़ लिया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन


घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है। कालिंदी विहार स्थित आरबी पुरम निवासी प्रमोद उपाध्याय ने अपने घर में बनी दुकान को खोल रखा था। फाउंड्री नगर चौकी प्रभारी विनीत राणा और दरोगा योगेश कुमार गश्त करते हुए कॉलोनी में पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद उपाध्याय ने मास्क नहीं पहन रखा था। इस पर एसआई विनीत राणा ने दुकान बंद करने और मास्क पहनने के लिए कहा। यह भी बताया कि लॉकडाउन में दुकान नहीं खोल सकते। 

लोगों ने पथराव भी किया
आरोप है कि दुकानदार ने अभद्रता शुरू कर दी। आवाज सुनकर घर से दुकानदार के परिजन आ गए। उन्होंने हाथापाई शुरू कर दी। विरोध पर पथराव करने लगे। दोनों दरोगा ने भागकर खुद को बचाया। इस दौरान थाने पर भी सूचना दी। इसकी जानकारी पर एसआई रोहित आर्या, सिपाही आशीष सक्सेना, मनोज, प्रियंका यादव, सरिता, एंटी रोमियो स्क्वैड की प्रभारी एसआई नीतू शर्मा, सिपाही निशा यादव और ईगल मोबाइल के हेड कांस्टेबल अमर प्रताप सिंह आ गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस को देखकर बड़ी संख्या में आरोपी के परिवार के लोग जुट गए। उन्होंने पुलिस पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। बचाव करने पर पथराव करने लगे। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाया। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। लोग घरों में छिप गए। बाद में किसी तरह पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ लिया। 

12 धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा 
मामले में चौकी प्रभारी विनीत राणा ने बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, पथराव करने, सात सीएलए एक्ट और महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें प्रमोद उपाध्याय, पंकज, हरि गोपाल, किरन देवी, ज्योति और वर्षा को नामजद किया है। 

इनकी हुई गिरफ्तारी 
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी ने बताया कि प्रमोद उपाध्याय, उसके बेटे पंकज, हरि गोपाल, पत्नी किरन देवी, बहू ज्योति, वर्षा को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है। चौकी प्रभारी विनीत राणा, एसआई योगेश कुमार, रोहित आर्या, नीतू शर्मा सिपाही प्रियंका यादव चोटिल हुए हैं। उनका उपचार कराया गया है। एसआई नीतू शर्मा की आंख में चोट लगी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें