फिरोजाबाद के कन्हैया नगर में नगर निगम के आश्रय स्थल में क्वारंटीन के लिए एंबुलेंस से लाए गए जमातियों का क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया। लोग हाथ में ईंट, पत्थर और डंडे लेकर एंबुलेंस की ओर दौड़ पड़े।
लोगों के विरोध को देखते हुए चालक ने एंबुलेंस को दौड़ा दिया और मेडिकल कॉलेज ले आया। बाद में सभी को बारह बीघा स्थित अबु हुरैरा डिग्री कॉलेज कैंपस ले जाया गया।
गुजरात में रहने वाले 11 जमातियों को रामगढ़ क्षेत्र से स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण के संदेह पर क्वारंटीन किया था। इन्हें पहले संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया, जहां से यूनिटी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया।
रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जमातियों को कन्हैया नगर में बने नगर निगम के रैन बसेरा (आश्रय स्थल) में क्वारंटीन करने के लिए भेजा गया था। इन्हें यहां 14 दिन रखा जाना था।