आगरा के एत्माद्दौला के नगला देवजीत स्थित रेलवे के खंडहर हो चुके क्वार्टर में सोमवार सुबह बीसी संचालक और ई रिक्शा चालक का शव फंदे से लटका मिला। उनके चेहरे और शर्ट पर खून लगा था। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने हत्या की तहरीर दी है। जांच की जा रही है।
मूलरूप से फिरोजाबाद के नारखी निवासी रईस मोहम्मद (45) पुत्र फखरुद्दीन ई रिक्शा चलाते थे। वह नगला देवजीत में परिवार सहित रहते थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रईस की रिश्तेदारी में रविवार को दो शादियां थीं। वे रात को लोहामंडी और कोतवाली क्षेत्र स्थित शादी समारोह में शामिल होने के लिए कहकर घर से निकले थे। मगर, रात में नहीं आए। इस पर पत्नी ने फोन मिलाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। फिर उनकी तलाश की।
उनके शादी में जाने की भी पुष्टि नहीं हो सकी। सोमवार की तड़के तकरीबन पांच बजे फोन बंद हो गया। सुबह आठ बजे रेलवे के खंडहर हो चुके क्वार्टर में गए लोगों ने उनका शव लोहे के पाइप पर रस्सी से बने फंदे पर लटका देखा। पहचान होने पर परिजन आ गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। रईस के चेहरे और शर्ट पर खून लगा था।