22एमएनपी-31-दन्नाहार थाने में निरीक्षण के दौरान अभिलेख देखते एसपी अजय कुमार
- फोटो : MAINPURI
दन्नाहार (मैनपुरी)। टॉप 10 अपराधियों की सूची अपडेट न मिलने पर एसपी का पारा चढ़ गया। लापरवाही पर थानाध्यक्ष दन्नाहार को जमकर फटकार लगाई। स्पष्ट कर दिया कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वह भी कतई ढिलाई न बरतें, अन्यथा कार्रवाई में देरी नहीं होगी।
एसपी अजय कुमार पांडेय के तेवर अपराध की रोकथाम को लेकर लगातार सख्त होते जा रहे हैं। सभी थानों में महीनेवार टॉप 10 अपराधियों की सूची बनाए जाने व उस पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शनिवार को जब एसपी दन्नाहार थाने का निरीक्षण करने पहुंचे तो यह सूची अपडेट नहीं मिली। इतना ही नहीं थानाध्यक्ष बेगराम को यह भी नहीं पता था कि कौन अपराधी जेल में है और कौन जमानत पर चल रहा है। इस लापरवाही पर एसपी ने थानाध्यक्ष को फटकार लगाते हुए कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी। एसपी ने साफ कह दिया कि सुधार करें। अन्यथा उन्हें संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करने में जरा भी देर नहीं लगेगी।
गलतियों में सुधार कर लें
सभी थानाध्यक्ष गलतियों में सुधार कर लें। अंतिम चेतावनी के बाद भी सुधार न हुआ तो कार्रवाई के प्रभारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
अजय कुमार पांडेय, एसपी