सोरोंजी। सोशल मीडिया पर शनिवार को एक युवक की हाथ में पिस्टल लेकर वीडियो वायरल हो गई। जांच के दौरान जब पुलिस ने युवक को पकड़ा तो पता लगा कि यह लाइटर पिस्टल है। हालांकि इस वायरल वीडियो के चक्कर में पुलिस चकरघिन्नी बनीं रही।
शनिवार को एक वीडियो वायरल हुई। इसमें योगेंद्र यादव पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम नगला हंसी के पास बैठे हुए बच्चों के हाथ में एक पिस्टल दिखाई दे रही थी। यह वीडियो किसी ने एक्स पर पोस्ट कर दिया। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर जब सोरों पुलिस ने जांच की तो यह पिस्टल की तरह दिखने वाला गैस जलाने वाला लाइटर पाया गया।
योगेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि मैं अपने दरवाजे पर बैठा हुआ था, मेरे पास रिंकू पुत्र महेश 10 वर्ष, ओपी पुत्र चरण सिंह 11 वर्ष के हाथ में गैस जलाने का लाइटर था। यह पिस्टल जैसा दिखता है। बच्चों ने मेरा मोबाइल मांग कर फोटो वीडियो ले लिया था। बच्चों ने ही इसे फेसबुक पर डाल दिया था। यह लाइटर बरामद कर लिया गया है।