कासगंज। गर्मी के तेवर तल्ख होने के साथ ही जिले में बिजली आपूर्ति भी हांफने लगी है। फेस ब्रेक होने, तारों के टूटकर गिरने आदि की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। इससे लोग परेशान हैं।
शहर की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 2 व 4 वोल्टेज की समस्या है। इससे एक फेस में काफी कम वोल्टेज आए तो एक फेस में हाईवोल्टेज हो गए। जहा हाईवोल्टेज की समस्या थी वहां पर लोगों के घरेलू उपकरण फ्रिज, सबमर्सिबल, कूलर पंखा, एलईडी आदि फुंक गए। साथ ही रात में गर्मी की मार झेलनी पड़ी।
कोतवाली फीडर क्षेत्र में शनिवार को रात में तकनीकि कमी आने से बिजली खराब हो गई। इस क्षेत्र में रात भर बिजली की आंख मिचौली का खेल चलता रहा। प्रभू पार्क में भी बिजली की समस्या रही।
एक पखवाड़े से नहीं मिल रही बिजली
सिढ़पुरा। क्षेत्र के सुलतानपुर में 10 मई को आई आंधी के बाद टूटे बिजली के दो पोलों को विभाग ने अब तक सही नहीं किया है। इससे इस क्षेत्र में बिजली का संकट बना हुआ है। इसी क्षेत्र के ग्राम बसई में मात्र आठ घंटे की सप्लाई मिल रही है।
तीर्थनगरी में तीन घंटे हो रही अतरिक्त कटौती
सोरों। तीर्थनगरी में सुबह साढ़े चार से साढ़े पांच बजे तक, सुबह 10 से 12 बजे तक, दोपहर साढ़े तीन से साढ़े चार की नियमित कटौती के अलावा तीन घंटे की अतिरिक्त कटौती की जा रही है। इससे लोग गर्मी में परेशान हैं। व्यापार मंडल के स्वतंत्र अग्रवाल, विशोक अग्रवाल, उमेश बौहरे आदि ने बिजली की अंधा धुंध कटौती पर नाराजगी जाहिर की है
400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से कई मोहल्लों की बिजली गुल।
अमांपुर। कस्बे में थाने के पास रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ फूंक गया। इससे सर्राफा बाजार, एटारोड, पुराना थाना, सुभाषनगर, जवाहर नगर, नरायन नगरी की आपूर्ति बाधित हो गई। इससे उपभोक्ताओं के जरूरी कामकाज भी प्रभावित हो गए। गर्मी में जहां लोगों का पंखे कूलर के बिना रहना मुश्किल हो रहा है। घरों और दूकानों में लगे इंवर्टर भी जबाव दे गए।
दिन भर होने वाली ट्रिपिंग से परेशान हैं लोग
गंजडुंडवरा। कस्बे में बिजली विभाग ने 20 घंटे का रोस्टर निर्धारित है। लेकिन इसके हिसाब से आपूर्ति नहीं मिल रही है। बार-बार होने वाली ट्रिपिंग ने लोगों को परेशान कर दिया है। उनके कूलर फ्रिज, नहीं चल रहे।
कोतवाली फीडर के ट्रांसफार्मर में तकनीकि कमी आने से बिजली आपूर्ति बार-बार ट्रिप ले रही थी। उसे ठीक कराया जा रहा है, जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा। - पवन कुमार जेई