आगरा। कथित चोरी के शक में युवकों ने 16 वर्षीय किशोर की लाठी-डंडे, ईंट मारकर हत्या कर दी थी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में छिपा दिया था। अदालत ने सदर थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी छोटू उर्फ रमेश को दोषी पाया। एडीजे-5 मृदुल दुबे ने आजीवन कारावास के साथ 1 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। दूसरे आरोपी अजय की मुकदमे के विचारण के दौरान मौत हो गई थी।
थाना सदर में दर्ज मुकदमे के अनुसार सज्जन सिंह ने तहरीर दी थी। वह 509 आर्मी वर्कशॉप में सेवारत हैंं। उनका 16 वर्षीय पुत्र डुल्लू बिजली का काम करता था। काम के सिलसिले में उसका क्षेत्रीय लोगों के घर आना-जाना लगा रहता था। 26 जून 2020 की शाम को राजपुर निवासी छोटू उर्फ रमेश, अजय व अन्य लोगों ने बेटे से झगड़ा किया। बेटे पर चोरी का आरोप लगाकर जान से मारने की धमकी दी थी। रात 10 बजे वह निजी काम से घर से निकला। इसके बाद लौटकर वापस नहीं आया। दूसरे दिन उसका शव उखर्रा गांव के 16 बीघा मैदान की झाड़ियों में मिला। शव के पास खून से लथपथ लाठी, डंडे और ईंट मिलीं थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई थीं 15 चोटें, शॉक हेमरेज से हुई थी मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डुल्लू के शरीर पर 15 चोटें मिली थीं। आरोपियों ने सिर और सीने पर तब तक प्रहार किए तब तक उसकी जान नहीं चली गई। डुल्लू का सिर पूरी तरह से फटा हुआ था। पूरा जबड़ा तोड़ दिया था। गंभीर चोटें लगने के कारण शॉक हेमरेज हुआ था। जिससे उसकी मौत हो गई थी।