मलपुरा(आगरा)। जांच में घटताैली की शिकायत सही पाये जाने पर तहसील सदर के विकास खंड बरौली अहीर के कुठावली के राशन डीलर का लाइसेंस प्रशासन ने निरस्त कर दिया है।
ग्रामीणों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं कि राशन डीलर निर्धारित मात्रा से कम अनाज देता है। अंगूठा लगवाकर राशन नहीं दिया जाता। यूनिट काट ली जाती है। कार्डधारकों को बार-बार दुकान के चक्कर लगवाए जाते हैं। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। एसडीएम सदर के आदेश पर कराई गई जांच में राशन कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। अधिकांश ने डीलर द्वारा की जा रही अनियमितताओं की पुष्टि की। ई-पॉस मशीन, स्टॉक और वितरण रजिस्टर की जांच में भी गंभीर गड़बड़ियां पाई गईं। जांच आख्या में उल्लेख किया गया कि विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों का खुला उल्लंघन कर रहा है। प्रशासन ने उचित दर दुकान का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। कुठावली की दुकान को अस्थायी रूप से अन्य उचित दर विक्रेता से लिंक कर दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक बरौली अहीर अजय चौहान ने बताया ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की गई है।