मैनपुरी। गर्मी बढ़ते ही नीबू 220 रुपये किलो तक पहुंच गया है। मंडी में नीबू की आवक कम होने से दाम बढ़ते जा रहे हैं। महंगा होने से सब्जी बेचने वाले दुकान पर नीबू कम ही रख रहे हैं।
मौसम में बदलाव आते ही नीबू की मांग बढ़ गई है। खाने से लेकर इलाज तक में नीबू का उपयोग किया जा रहा है। मंडी में बाहरी मंडियों से आने वाले नीबू की आवक इस बार नहीं हो रही है। इससे नीबू लगातार महंगा होता जा रहा है। शनिवार को स्थानीय मंडी में नीबू 200 से 220 रुपये किलो तक में बेचा गया। गर्मी में आम तौर पर घरों में इस्तेेमाल होने वाले नीबू की मंाग बढ़ने से इसके दामों में उछाल आया है।
मंडी में हरी सब्जी की स्थानीय आवक शुरू हो गई है जिससे बाजार में यह सस्ती हो गई हैं। तोरई 50 रुपये और लौकी 20 रुपये किलो में बिक रही है। टमाटर 20 रुपये, भिंडी 40 रुपये, बेंगन 30 रुपये, शिमला मिर्च 40 रुपये, सेम 50 रुपये किलो में बिक रही है। प्याज भी 15 से 20 रुपये किलो और खीरा भी 40 रुपये से घटकर 20 रुपये किलो पर बिक रहा है।
बाहरी आवक नहीं होने से नीबू महंगा बिक रहा है। मंडी में आवक कम होने से महंगाई है।
रामखिलाड़ी, दुकानदार
मंडी में स्थानीय आवक शुरू होने से हरी सब्जी सस्ती हो गई है। लोग खरीदारी कर रहे हैं।
कुलदीप, दुकानदार
बीमार होने पर डॉक्टर नीबू का उपयोग बताते हैं। नीबू तो दवा से भी महंगा हो चुका है।
सुदामा, ग्राहक
हरी सब्जी सस्ती हुई है। बीमार होने पर डॉक्टर इलाज के साथ हरी सब्जी की सलाह देते हैं।
कन्हैया, ग्राहक