मैनपुरी। लेखपाल संघ की मांगों पर विचार करने तथा लेखपालों के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेने के आश्वासन पर लेखपाल संघ ने शनिवार दोपहर बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी। संघ के जिलाध्यक्ष उमाशंकर शाक्य ने बताया कि प्रांतीय महामंत्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव से हुई वार्ता के बाद जिले में भी लेखपालों ने हड़ताल समाप्त कर दी है। सोमवार से सभी लेखपाल काम करेंगे। जिलाध्यक्ष ने सभी लेखपालों से पूर्व की तरह नियमित रूप से तहसीलों में सरकारी काम निपटाने को कहा है।
शनिवार को दिन में लेखपालों ने शीतला देवी मंदिर परिसर में धरना दिया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा लेखपाल हर सरकारी कार्य में अपना योगदान देते हैं। राजस्व के अलावा शासन और प्रशासन लेखपालों से अन्य काम भी लेता है। लेखपाल अपने निर्धारित कामों के अलावा भी सौंपे गए सारे काम जिम्म्ेदारी से पूरे करते हैं।
उसके बाद भी सरकार लेखपालों की लंबित चल रही मांगों को पूरा नहीं करना चाहती है। इस मौके पर महेश तोमर, दीपक यादव, पुष्पेंद्र चौहान, श्याम कुमार गुप्ता, प्रज्ञादीप, मनोज गुप्ता, राजेश राठौर, राजीव दुबे, रक्षपाल यादव, प्रदीप सक्सेना, बसंत दुबे, जीतू प्रसाद, राजाराम भारती, अवनीश, देवेंद्र यादव, नीरज सिंह, नवनीत मौर्य, विनय प्रताप यादव, चंद्रकेतु, जालिम सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
भोगांव। हड़ताली लेखपालों के खिलाफ बर्खास्तगी संबंधी रिपोर्ट एसडीएम पीसी आर्य ने आरके रामवीर सिंह से मांगी है। रिपोर्ट पर तहसीलदार की संस्तुति कराने के निर्देश दिए हैं। लेखपाल संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बैस, सचिव प्रदीप कुमार सक्सेना सहित सभी लेखपालों के खिलाफ नो वर्क नो पे के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।