जन्माष्टमी पर इस बार मथुरा में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव अद्भुत तरीके से मनाया जाएगा। ब्रज के सभी मंदिरों में अलौलिक आभा तो बिखरेगी ही, इस बार श्रद्धालु जन्माष्टमी पर कान्हा के जन्म के दर्शन जन्मस्थान मंदिर के बाहर स्क्रीन पर भी कर सकेंगे।
तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने निर्देशित किया है कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित सभी कार्य शीघ्रता से पूर्ण करा लें। उन्होंने जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर नगर निगम, विद्युत, पीडब्ल्यूडी के कार्यों की अधिकारियों से समीक्षा की।
मंदिरों के प्रबंधकों ने कहा कि मंदिर में किये जा रहे कार्यक्रम को लाइव कराने के लिए कैमरों की समुचित व्यवस्था की जाए। जन्मस्थान से बाहर एलईडी स्क्रीन लगाए जाए, इससे बाहर बैठे श्रद्धालुओं को भी भगवान के दर्शन हो सकें। इस पर उन्होंने सहमति प्रदान की है।