मैनपुरी। दीवानी न्यायालय में वकालत करने वाले वकीलों का डाटा अब ऑनलाइन होगा। दीवानी न्यायालय के नोडल अधिकारी कंप्यूटर ने बार एसोसिएशन को पत्र भेजा है। पत्र में दीवानी न्यायालय में वकालत करने वाले सभी वकीलों से स्वयं डाटा जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दीवानी न्यायालय में 1100 से ज्यादा वकील वकालत करते हैं। इनमें से अधिकांश मैनपुरी बार एसोसिएशन के सदस्य भी हैं। बार एसोसिएशन द्वारा कुछ दिन पहले जिला जज से अपंजीकृत लोगों द्वारा की जाने वाले वकालत पर रोक लगाने की मांग की थी। जिसके बाद नोडल अधिकारी कंप्यूटर ने बार एसोसिएशन को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि दीवानी न्यायालय में वकालत करने वाले सभी वकीलों का डाटा ऑनलाइन कराया जाए। इसके लिए एक प्रारूप भी निर्धारित किया गया है।
प्रारूप में अपना नाम, पता, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, बार काउंसिल से पंजीकरण होने के बाद जारी की गई पंजीकरण संख्या के अलावा मेल आईडी भी लिखना जरूरी किया गया है। वकीलों द्वारा जमा किया जाने वाला डाटा दीवानी के कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव से वकीलों का डाटा अतिशीघ्र जमा कराने को कहा गया है।