टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव लांघीकला में वायरल बुखार से छात्रा की मौत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग नहीं जागा है। स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के बाद भी गांव में चिकित्सकों की टीम न पहुंचने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
बुधवार को गांव लांघीकला में छात्रा रितु यादव की वायरल बुखार के चलते मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई, परंतु सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग से कोई टीम गांव में नहीं पहुंची। जिसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश छा गया और उन्होंने बृहस्पितवार को जमकर हंगामा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि वायरल व डेंगू बुखार दिन पर दिन बढ़ रहा है। धीरपुरा में 12 वर्षीय अनुज बघेल की भी डेंगू बुखार से मौत हो गई। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में प्रेमवीर, मनीष, ललित, सोनू, आकाश, विकाश, अमित, गजेंद्र, संदीप, आदित्य, सत्यप्रकाश, सियाराम, सूरज प्रताप, प्रवेंद्र, होलू, कृष्णकांत, विशाल, योगेंद्र आदि हैं।
गांव में वायरल फैलने की जानकारी मिली है। हरगांव में बीमार हैं शिविर एक साथ हरगांव में नहीं लगाया जा सकता। बृहस्पतिवार को डॉ. राजेश कुमार के साथ टीम ने घर-घर जाकर मरीजों का हाल जाना है। दवाएं वितरित की हैं। शुक्रवार को गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की जायेगी। -डॉ संजीव वर्मा, अधीक्षक,सीएचसी, टूंडला