खेल और खिलाड़ियों की उर्वरा भूमि बाह की माटी ने देश को अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी विजय सिंह चौहान, अजित भदौरिया, रतन सिंह भदौरिया, अंकित शर्मा, मायाराम शर्मा आदि दिए हैं। बाह में स्टेडियम की 40 साल पुरानी मांग आज भी अधूरी पड़ी है। पिछले माह बाह की विधायक पक्षालिका सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बाह में स्टेडियम निर्माण के लिए 23.98 करोड़ का प्रस्ताव सौंपा था।
बाह के उगनपुरा गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन के अधिग्रहण की जानकारी दी थी। मुख्यमंत्री ने खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव पर अमल का भरोसा दिलाया था। उगनपुरा में स्टेडियम के लिए अधिग्रहीत जमीन का 6 महीने पहले एडीएम न्यायिक धीरेंद्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार, बिजली विभाग के एपीएम एसपी द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता तारकेश्वर, जेई चंद्रकेश की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया था। स्टेडियम के लिए रास्ते को लेकर तकनीकी पेच फंस गया था।
विधायक पक्षालिका सिंह ने बताया कि स्टेडियम निर्माण की हर बाधा को दूर कराने के प्रयास हो रहा है। मामले में खेल सचिव सुहास एलवाई से मुलाकात कर स्टेडियम निर्माण की तकनीकी दिक्कतों को दूर किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने बाह की खेल प्रतिभाओं के लिए जल्द ही स्टेडियम की सौगात मिलने की उन्होंने उम्मीद जताई है। बता दें कि बाह क्षेत्र में स्टेडियम के अभाव में खिलाड़ियों को अभ्यास के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे। विभिन्न स्तरों पर स्टेडियम निर्माण की आवाज क्षेत्रीय लोग उठाते रहे हैं।