कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के कानरखेड़ा गांव के समीप से गुजरती काली नदी से पुलिस ने बुधवार को एक युवती का शव बरामद किया है। युवती की हत्या करके शव नदी में फेंका है। नाक से खून का रिसाव हो रहा था। पुलिस का कहना है कि शव ज्यादा पुराना नहीं है। युवती की हत्या या तो मंगलवार की रात्रि की गई है या फिर बुधवार की सुबह। पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी है। इसके लिए सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए गए हैं।
बुधवार को पूर्वाह्न के समय कोतवाली पुलिस को युवती का शव नदी में पड़े होने की जानकारी कानरखेड़ा के ग्रामीणों ने दी। नदी में जिस तरफ युवती का शव पड़ा हुआ था, वहीं पर उदय सिंह का खेत था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर युवती का शव बरामद कर लिया है। युवती का शव नदी से बाहर निकाला गया, शव को पत्थर से बांधा गया हैं। उसकी उम्र 18 से 20 वर्ष बताई गई है। युवती कत्थई रंग का कुर्ता पहने है। जबकि लाल और हरी धारीदार चैक की पजामी पहने है। युवती नाक में रिंग पहने है और पैर में काला धागा बंधा है। पुलिस मामले की युवती के शव की शिनाख्त के कोशिशों में जुटी है। सायं तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
- कानरखेड़ा गांव में काली नदी से युवती का शव बरामद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिससे मौत की स्थिति स्पष्ट हो सके। युवती के शव पर रस्सी से पत्थर बंधा था। युवती की शिनाख्त कराई जा रही है। - दीपकुमार पंत, सीओ, कासगंज।