मथुरा में महिला इंस्पेक्टर की कार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के काफिले में रोड़ा बन गई। एसएसपी ने पुलिस लाइन के आरआई को तत्काल गाड़ी पुलिस लाइन ले जाने और सीज करने के निर्देश दिए। बाद में महिला इंस्पेक्टर के माफी मांगने पर हिदायत देकर कार को छोड़ दिया गया।
मामला मंगलवार दोपहर का है। डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (डीसीआरबी) में तैनात महिला इंस्पेक्टर अपनी कार से एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। कार एसएसपी कार्यालय के मुख्य द्वार पर खड़ी करने के बाद वो अंदर चली गईं। कार की डेस्क बोर्ड पर इंस्पेक्टर की कैप रखी हुई थी।
इसी बीच जनसुनवाई के बाद एसएसपी का काफिला आवास के लिए चला। मुख्य द्वार पर कार खड़ी होने से काफिला रुक गया। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने आरआई रामवतार सिंह को बुलवाया।