कुरावली। मोहल्ला जैन नगर सुजरई में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कासगंज के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी सुमित गुप्ता ने एक दिसंबर 2020 को बहन हर्षिता (24) की शादी थाना क्षेत्र के मोहल्ला जैन नगर सुजरई के रहने वाले अभय गुप्ता के साथ की थी। बृहस्पतिवार की सुबह हर्षिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई, सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में पंखा के कुंडा से साड़ी का फंदा लटक रहा था। वहीं शव बेड के नीचे पड़ा था। जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी आ गए। भाई सुमित गुप्ता ने बताया कि अतिरिक्त दहेज में कार व नकदी की मांग को लेकर ससुर सतीश चंद्र व अन्य ससुरालीजन बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। बृहस्पतिवार को पति अभय कुमार, गौरव, अजय, जेठानी निधि, सास मंजू ने बहन की हत्या कर दी। हत्या में ननद व ननदोई की भी अहम भूमिका है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई करेगी।
पांच माह की गर्भवती थी हर्षिता
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक महिला के परिजन काफी दुखी थे। उन्होंने बताया कि हर्षिता पांच माह की गर्भवती थी, आरोपियों ने हर्षिता के साथ ही उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी हत्या की है। पुलिस आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।