फिरोजाबाद। चिकित्सीय अपशिष्टों का उचित निस्तारण नहीं कराने और अपशिष्ट प्रबंधन न कराने पर शहर के दो निजी चिकित्सालय पीसीबी (प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के रडार पर हैं। सोमवार को निरीक्षण के समय मिलीं खामियों के चलते पीसीबी ने नोटिस जारी करके दोनों से जबाब तलब किया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा सोमवार को थाना उत्तर क्षेत्रांर्गत संचालित दो निजी हॉस्पिटल महालक्ष्मी नर्सिंग होम एवं करन नर्सिंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम द्वारा चिकित्सीय अपशिष्टों के उचित निस्तारण नहीं कराने की बात सामने आई। दोनों जगहों पर चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पर्याप्त संसाधन अथवा सामान मौजूद नहीं मिला। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नर्सिंग होम संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। खामियां मिलने पर नर्सिंगहोम संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर सोमवार को करन नर्सिंग होम एवं महालक्ष्मी नर्सिंग होम का निरीक्षण किया। दोनों जगहों पर चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन के उचित संसाधन नहीं मिले। नोटिस जारी किया है। जवाब नहीं देने पर सख्ती की जाएगी।
जेपी सिंह, अवर अभियंता, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड