मथुरा। कोसीकलां में श्रमिक स्पेशल ट्रेन से घर जाने की खुशी में हाथ हिलाता मजदूर।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां। कोसीकलां रेलवे स्टेशन से सोमवार को देवरिया, बस्ती बाराबंकी और गोड़ा के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन करीब 1200 मजदूरों को लेकर रात 10 बजे बाद रवाना हुई। ट्रेन में सवार प्रवासी मजदूरों के चेहरे पर अपने घर जाने की खुशी साफ झलक रही थी। सभी ने स्टेशन पर खड़े प्रशासनिक अधिकारियों को हाथ हिलाकर आभार व्यक्त किया।
रेलवे स्टेशन से पहली ट्रेन रात 10 बजे के बाद रवाना की गई। 22 डिब्बों की ट्रेन में करीब 1200 यात्री सवार थे। इस दौरान रेल, आरपीएफ, जीआरपी और प्रशासन के तमाम अधिकारी स्टेशन पर मौजूद रहे और आवश्यक सामान आदि देकर मजदूरों को रवाना किया। सभी मजदूरों को सोमवार रात साढ़े आठ बजे ही रेलवे स्टेशन तक बसों में लाया गया।
इसके बाद प्रवासियों के पहचानपत्र, आधारकार्ड, मतदाता पहचानपत्र आदि की जांच करने के बाद उन्हें स्वास्थ्य जांच प्रमाणपत्र देकर ट्रेन में बैठने की इजाजत दी गई। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रवासियों के सामान को भी सैनिटाइज कर स्टेशन पर पहुंचने की इजाजत दी गई। सामाजिक दूरी के नियमों का भी ख्याल रखा गया।
मंगलवार सुबह दस बजे झांसी के लिए दूसरी श्रमिक स्पेशल रेलगाड़ी रवाना की जाएगी। आरपीएफ कमांडेंट केशव सिंह, एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार राखी शर्मा, एसपी ग्रामीण श्रीश चंद, स्टेशन डायरेक्टर रवि प्रकाश, यातायात निरीक्षक वीवी मंगल, स्टेशन अधीक्षक विकास कुमार, आरपीएफ प्रभारी श्याम बाबू, जीआरपी चौकी प्रभारी सरबर खान, इंस्पेक्टर आजादपाल सिंह आदि थे।