आगरा। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की ओर से बरेली में आयोजित प्रथम यूपी स्टेट जूनियर मेजर बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 में आगरा की कुहू ने अंडर-19 बालिका एकल वर्ग का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने जिले की ही दिव्यांशी गौतम को 21-13, 19-21, 21-18 से हराकर प्रदेश चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
कुहू ने प्रतियोगिता के पहले दौर में आराध्या यादव को 30-9 से पराजित किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में गर्विता त्रिपाठी को 30-10 से हराया। क्वार्टर फाइनल में श्रुति चौहान को 21-19, 21-6 व सेमीफाइनल में दीया धवन को 21-13, 21-5 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता में आगरा की दिव्यांशी गौतम ने बालिका एकल वर्ग में उपविजेता बनकर रजत पदक प्राप्त किया। साथ ही मिश्रित युगल वर्ग में भी उपविजेता रहते हुए दूसरा रजत पदक अपने नाम किया। वहीं शुभम सोलंकी ने अंडर-19 बालक युगल वर्ग में रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर कुहू के प्रशिक्षक लोकेंद्र चाहर, महेश नौटियाल, पंकज गांधी, रितु सिंह, बीना लवानिया, राहुल पालीवाल, विनोद, देशराज चाहर, निखिल, संजय कालरा, अजय महाजन, यश मेहता, सुमित कपूर आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।