कासगंज में श्रीकृष्ण जन्मष्टमी शोभायात्रा की अनुमति न मिलने पर तहसील में धरना देते आयोजक मंडल क?
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। शहर में भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा निकलाने को लेकर प्रशासन ने भले ही अनुमति नहीं दी हो, लेकिन आयोजक शोभायात्रा निकालने के लिए अड़े हुए हैं। इस प्रकरण में एसडीएम के तीखे तेवरों से लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तहसील परिसर में धरना दे दिया।
शहर में विगत वर्ष की तर्ज पर इस वर्ष भी लोगों ने जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए 23 अगस्त को शोभायात्रा निकालने के लिए प्रशासन को अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दिया। हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष अनुपम यादव व अन्य लोग अनुमति के संबंध में जानकारी करने के लिए एसडीएम के पास पहुंचे, लेकिन एसडीएम ने अनुमति देने से इंकार कर दिया। अनुमति के संबंध में एसडीएम के तीखे तेवर को देखते हुए लोगों में आक्रोश फैल गया।
लोग तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष पूणेंद्र सोलंकी, हिदूंवादी नेता कौशल साहू, हिदूं युवा वाहिनी जिला अध्यक्ष अनुपम यादव आदि के साथ एसडीएम व सीओ के साथ वार्ता हुई। इस वार्ता के बाद धरना तो समाप्त हो गया, लेकिन प्रशासन से शोभयात्रा निकलाने की अनुमति पर कोई सहमति नहीं बन सकी। हिंदू युवा वाहिनी जिला अध्यक्ष ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा का आयोजन अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत ही किया जाएगा। एसडीएम ललित कुमार ने बताया कि शोभायात्रा के लिए उनके स्तर से कोई अनुमति नहीं दी गई है।