एटा। जिले की छह ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। ग्राम पंचायतों ने बिना वर्क आइडी जारी कराए ग्राम निधि खातों से 61 लाख रुपये निकाल लिए। डीपीआरओ ने खातों की जांच कराई तो लाखों रुपये का आहरण देखकर उनके होश उड़ गए। मामले में डीपीआरओ ने छह ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ग्राम पंचायतों को गांव में विकास कार्य कराने के लिए पहले कार्ययोजना फीड करानी होती है। इसके बाद संबंधित काम के लिए वर्क आईडी जारी कराकर तकनीकी और वित्तीय स्वीकृति के बाद काम शुरू कराया जाता है। हालांकि जिले की छह ग्राम पंचायतों ने वर्क आइडी जारी कराए बिना ही लाखों रुपये का खेल कर दिया गया। ग्राम पंचायतों ने खातों से 10 लाख रुपये से अधिक तक का आहरण किया है।
धन को कहां खर्च किया गया? इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई। इसे लेकर डीपीआरओ एसएन कुशवाह ने ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने 15 दिन में जवाब तलब किया है। वहीं जवाब नहीं मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
-------------
इन ग्राम पंचायतों में हुआ खेल
जैथरा की उदयपुरा में 802273, बघौली में 919209, बांदूपुरा में 690818, गनेशपुर में 1214154, सहोरी में 1304962, अलीगंज की अलीपुर में 1258897 रुपये खाते से निकाले गए हैं।
----------
इनको थमाए गए नोटिस
मामले में पंचायत सचिव अभिजीत, लोकेंद्रपाल, सुनील राठौर, सुधीरपाल, विवेक को डीपीआरओ ने नोटिस थमाया है।
-------------
पीएफएमएस पर पूरा बैंक विवरण
अब तक ग्राम पंचायतों के खातों की जांच के लिए विभाग को बैंकों से ग्राम पंचायत के खाते का विवरण मंगाना पड़ता था लेकिन अब पीएफएमएस पर पूरा बैंक का विवरण अधिकारी कभी भी देख सकते हैं।
-----------
छह ग्राम पंचायतों में बिना वर्क आइडी खाते से धन निकाला गया है। इसे लेकर सचिवों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
एसएन कुशवाह, डीपीआरओ एटा