कासगंज के रेलवे स्टेशन के मुख्य आरक्षण काउंटर पर आरक्षण निरस्त कराने के लिए लोगों की भीड़
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कोरोना के खौफ ने रेलवे पर सीधा सीधा प्रभाव डाला है। खौफ के चलते तमाम यात्रियों ने अपनी यात्राएं रद्द करने का फैसला कर लिया है। प्रतिदिन सैंकड़ों आरक्षण रद्द हो रहे हैं जिससे रेलवे को लाखों रुपये की राजस्व हानि हुई है। हालांकि रेलवे राजस्व हानि के बावजूद भी लोगों को जागरूक कर रहा है।
कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट का असर रेलवे में निरस्त हुए आरक्षित टिकट के रूप में सामने आया है। रेलवे के मुख्य आरक्षण काउंटर के अलावा ट्रेवल एजेंसियों से भी टिकट निरस्त हो रहे हैं। रेलवे के मुख्य काउंटर पर औसतन 45-50 टिकट जबकि ऑनलाइन एवं ट्रेवल एजेंसियों से प्रतिदिन 100 टिकट निरस्त हो रहे हैं।
मुख्य काउंटर पर 30 से 35 हजार रुपये के आरक्षण प्रतिदिन निरस्त हो रहे हैं। जिससे रेलवे को लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। प्रतिदिन आरक्षण निरस्त कराने के लिए यात्री पहुंच रहे हैं। रेलवे को धनराशि वापस करनी पड़ रही है। इसके अलावा जिन यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट कराई है। आरक्षण निरस्त होने के बाद धनराशि उनके खातों में पहुंच रही है।