गोमती रिवर फ्रंट पर सपा सरकार ने जिस तरह से बेहिसाब पैसा बहाया, ठीक उसी तरह से ताजमहल के पास ताजगंज प्रोजेक्ट का हर बार बजट बढ़ाया गया। सत्ताधारियों के रिश्तेदारों की भागीदारी वाले 121 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को महज 6 महीने में 197 करोड़ तक पहुंचा दिया गया। चौंकाने वाला पहलू ये है कि हर बार बजट बढ़ाते समय प्रोजेक्ट के कंपोनेंट और सुंदरीकरण के काम घटाते चले गए। अब उद्घाटन के महज पांच महीने बाद ही पूरा प्रोजेक्ट दरक चुका है और ताजमहल के पास फिर से खराब नजारा है।
आगरा के ताजगंज प्रोजेक्ट में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं। हर महीने प्रोजेक्ट में बदलाव किए गए। महज छह महीने में ही 76 करोड़ रुपये ताजगंज प्रोजेक्ट में बढ़ा दिए गए, जबकि योजना में शामिल ताज पूर्वी गेट पर पर्यटकों का फेसिलिटी सेंटर, लैंड स्केपिंग, साउथ गेट पर एक मीटर गहरी डक्ट, पानी निकासी के लिए गहरा कुंआ आदि कम कर दिया गया। करोड़ों के खेल वाले इस प्रोजेक्ट में उसी फर्म से ग्रेनाइट और पत्थर खरीदा गया, जहां से बसपा सरकार ने अपने प्रोजेक्ट के लिए खरीद की थी। तब भी इस फर्म पर अंगुलियां उठाई गई थीं।
पांच महीने में ही टूट गए पत्थर, लाइटें
सत्ता की हनक में बनाए गए ताजगंज प्रोजेक्ट की लाइटें टूट चुकी हैं तो खंभे गिर चुके हैं। भारी मुनाफे वाली लाइटों को सपा सरकार में बेहद दबाव डालकर पास कराया गया था। वह बोलार्ड लाइटें अब खराब हो चुकी हैं। यही नहीं, साइड में लगाए गए ग्रेनाइट के पिलर भी टूट चुके हैं। जो साइनेज लगाए गए, वह गलत लगे हैं, लेकिन सत्ताधारियों से करीबी का दावा करने वाले आर्किटेक्ट ने आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर की रिपोर्ट के बाद भी प्रोजेक्ट में बदलाव नहीं किए।
तीन लाख रुपये का एक लैंप पोस्ट
डिजायन बदलने के नाम पर ताजगंज प्रोजेक्ट में गड़बड़ियां की गईं। कास्ट आयरन की जगह कमजोर लाल पत्थर के लैंप पोस्ट लगवाए गए, जो तीन लाख रुपये में तैयार हुआ। लोगों के ही टकराने पर यह लाइटें गिर रही हैं तो वहीं कई बोलार्ड लाइटें चोरी जा चुकी हैं। ताजगंज प्रोजेक्ट में 15 करोड़ रुपये से ज्यादा लाइटों पर ही खर्च किया गया।
ताजगंज प्रोजेक्ट पर रही मेहरबानी
दिन बजट रिलीज
6 दिसंबर 13 22.7 करोड़
19 दिसंबर 14 30 करोड़
1 जुलाई 15 50 करोड़
2 दिसंबर 15 20 करोड़
29 जून 16 45 करोड़
14 सितंबर 16 29.48 करोड़
पहले यहां इतना होना था खर्च
क्षेत्र पहला बजट
ताज पूर्वी गेट 28.89 करोड़
पश्चिमी गेट 27.15 करोड़
ताजगंज दक्षिणी गेट 26.6 करोड़
ताजगंज मलिन बस्ती 17.65 करोड़
शिल्पग्राम से जेपी होटल तक 20.67 करोड़