कासगंज सोरों के युवक द्वारा फेसबुक पर डाली गई भड़काऊ पोस्ट
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कस्बा सोरों के एक युवक ने किसान आंदोलन पर भड़काऊ पोस्ट डाली है। फेसबुक और व्हाट्सएप पर चक्का जाम का क्या हुआ- लिखते हुए किसानों को उकसाने का काम किया है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर सोरों थाना प्रभारी ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की गहनता से तहकीकात करने में जुट गई है।
किसानों के आह्वान पर बुधवार को भारत बंद रहा। इस पर किसानों ने प्रदर्शन भी किया लेकिन बुधवार रात सोरों के युवक अतुल महेरे ने एक पोस्ट फेसबुक पर पोस्ट की और व्हाट्सएप पर भी एक मेसेज वायरल किया। उसमें लिखा कि चक्का जाम का क्या हुआ। पुलिस ने माना है कि इस युवक ने शांति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से इस पोस्ट के माध्यम से किसानों को उकसाने का काम किया है। एसपी मनोज सोनकर के संज्ञान में जब यह मामला आया तो उन्होंने कार्रवाई के निर्देश सोरों थाना पुलिस को दिए। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में कार्रवाई की है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।