एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपरस्पेशियलिटी विंग में पांच मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का शुभारंभ हो गया। अब मेडिकल काॅलेज में न्यूरो समेत अन्य जटिल सर्जरी हो सकेंगी।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी का ट्रांसप्लांट भी किया जाएगा। जल्द ही यह सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे आसपास के जिलों के मरीजों को दिल्ली और निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा।
विज्ञापन
चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक किंजल सिंह ने शुक्रवार को एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपरस्पेशियलिटी विंग में पांच मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का शुभारंभ करने के दौरान यह जानकारी दी। महानिदेशक किंजल सिंह ने बताया कि एसएस विंग के ओटी में न्यूरोसर्जरी (दिमाग की सर्जरी), यूरोसर्जरी (मूत्रमार्ग संबंधी सर्जरी) और ग्रेस्ट्रोसर्जरी (पेट की सर्जरी) भी की जाएगी, जिसके लिए मात्र एक से पांच हजार रुपये ही चुकाने होंगे।
किंजल सिंह ने शुक्रवार को मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर ब्लॉक के शुभारंभ के साथ सुपरस्पेशियलिटी विंग का निरीक्षण भी किया। इस दौरान डॉ. पीके माहेश्वरी, अधीक्षक डाॅ. ब्रजेश शर्मा, मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डाॅ. टीपी सिंह, रेडियोडायग्नोस्टिक विभाग के अध्यक्ष डाॅ. हरि सिंह, आईसीयू प्रभारी डाॅ. अतिहर्ष मोहन, डाॅ. सुशील सिंघल, डाॅ. बसंत गुप्ता आदि मौजूद रहे।