खुर्जा के ऊंचा गांव अपने मायके अलीगढ़ से 18 अप्रैल से गायब विवाहिता का शव सोमवार को छलेसर के जंगल में जमीन में दबा मिला। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं परिजनों ने मौसेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है।
छलेसर के जंगल में सैयद वाले मार्ग के सामने करीब डेढ़ किलोमीटर भीतर मिट्टी के टीले पर जमीन में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के भाई आकाश पुत्र प्रेमपाल ने पुलिस को बताया कि शव उसकी बहन बबली (22) का है। जिसकी शादी इसी साल 3 मार्च 2019 को खुर्जा के ऊंचा गांव में मोनू के साथ हुई थी।
होली पर बबली मायके अलीगढ़ के गांव भदेसी थाना गांधी पार्क आई थी। 18 अप्रैल को मतदान वाले दिन घर वाले वोट डालने गए थे। वह मां के साथ शिकोहाबाद अपने रिश्तेदार के यहां शादी में गया था। घर लौटने पर बबली गायब थी। खोजबीन में भी कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई थी।