मैनपुरी। श्री श्याम भक्त मंडल के पदाधिकारियों ने शनिवार को शहर के सीताराम मार्केट स्थित कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान मंडल के पदाधिकारियों ने 15 व 16 मार्च को नगर में आयोजित होने वाले श्री श्याम प्रभु खाटू वाले के दो दिवसीय महोत्सव की जानकारी दी।
श्री श्याम भक्त मंडल के अध्यक्ष दीपांशु गुप्ता ने बताया कि श्री श्याम मंडल के तत्वाधान में नगर के भीमसेन मंदिर में 15 व 16 मार्च को दो दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को दो बजे से करहल रोड स्थित श्यामा श्याम मंदिर से निशान यात्रा का शुभारंभ होगा।
निशान यात्रा नगर भ्रमण के बाद भीमसेन मंदिर पहुंचकर समाप्त होगी। 16 मार्च को शाम सात बजे से भीमसेन मंदिर स्थित सत्संग भवन में भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें टी सीरीज कलाकार मनोज शर्मा, कानपुर से शैफाली द्विवेदी, विशाल कौशिक, संदीप मस्ताना, बसुंधरा गोस्वामी आदि कलाकार भाग लेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान मंडल उपाध्यक्ष सार्थक तिवारी, मनीष तापड़िया, राजीव गुप्ता, नमन तोमर, मनीष कालरा, नितिन गुप्ता, अभिनाश गुप्ता, केशव कालरा आदि लोग मौजूद रहे।