13एमएनपी-09-स्टेडियम में विजेता टीम के साथ मुख्य अतिथि और आयोजन समिति के पदाधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में नगर के राजकीय स्टेडियम में चल रहे स्वर्गीय खरगजीत मिश्रा मेमोरियल जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को फाइनल खेला गया। फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम ने रॉयल क्रिकेट क्लब को छह विकेट से हराकर विजेता कप अपने नाम किया। समापन अवसर पर पहुंचे मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कार व कप प्रदान किए।
फाइनल मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। रॉयल क्लब ने निर्धारित 30 ओवर के मैच में 29.2 ओवर में 163 रन बनाए। टीम की तरफ से सचिन ने सर्वाधिक 60, चिराग ने 20 और अश्वनी और हैप्पी ने 11 रन का योगदान दिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम की ओर से सुनील कुमार ने पांच विकेट प्राप्त किए। जीत के लिए 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्ट्स स्टेडियम 29.1 ओवर में चार विकेट खोकर 164 रन बनाकर विजेता बनी। स्टेडियम की ओर से कप्तान अमित यादव ने शानदार नाबाद 78 रन बनाए। जय कुमार ने 40 और अनुज ने 23 रनों की पारी खेली। रॉयल क्लब की ओर से गेंदबाज अतुल, सचिन, आदर्श और शिवा ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। मैच में अंपायरिंग सुनील शुक्ला व जूली ने, स्कोरिंग विक्की शुक्ला ने की। अनुज ने आंखों देखा हाल सुनाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने विजेता टीम के कप्तान को विजेता कप और उपविजेता टीम के कप्तान को उपविजेता कप प्रदान किया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार स्व, शिवस्वरुप मिश्रा की स्मृति में रॉयल क्लब के चिराग को, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार स्व, नवल किशोर चतुर्वेदी की स्मृति में रॉयल क्लब के सचिन और प्लेयर ऑफद टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रकाश पॉल की स्मृति में स्टेडियम में जय कुमार को प्रदान किया गया। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों को व्यक्तिगत रुप से भी पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर एमसीए अध्यक्ष महेश मिश्रा, सचिव बीडी शुक्ला, उप जिला क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार, प्रवीन भंसाली, देवेश चतुर्वेदी, आलोक गुप्ता, प्रबल प्रताप सिंह, मोहित प्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।