भोगांव (मैनपुरी)। गांव पडुआ में अवैध खनन की सूचना पर रोकने के लिए पहुंचे एक दरोगा को चालक ने जेसीबी पर लटका लिया। वहीं खनन माफियाओं ने दो ग्रामीणों पर भी ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। जानकारी मिलने के बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। मौके से मिट्टी लदा एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया। ग्रामीणों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
गांव पडुआ के पास ग्राम समाज की काफी जमीन खाली पड़ी हुई है। इसको लेकर न्यायालय में भी मामला चल रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को खनन माफिया यहां जेसीबी लेकर पहुंचे और जमीन से मिट्टी का खनन करने लगे।
गांव नगला पंची निवासी अंकित और प्रवेश कुमार ने जब रोकने की कोशिश की तो उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। किसी तरह वह लोग वहां से जान बचाकर निकले। इस बीच खनन की सूचना पर दरोगा सतेंद्र पाल सिंह एक सिपाही के साथ वहां आ पहुंचे। खनन कर रही जेसीबी को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उन्हें जेसीबी पर लटका लिया और गाड़ी को दौड़ा दिया। कुछ दूर जाकर दरोगा गिर गए। दोबारा से रोकने का प्रयास किया तो चालक ने फिर से उन्हें लटका लिया।
इस बीच दरोगा फिर से गिर गए और चालक जेसीबी लेकर वहां से भाग गया। उक्त घटना की जानकारी होने के बाद थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। मिट्टी से लदा एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया। अंकित व प्रवेश की ओर से नामजद लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई। दरोगा का कहना है कि उन्होंने थाना प्रभारी को तहरीर दे दी है। आगे की कार्रवाई उन्हें ही करनी है। वहीं थानाध्यक्ष इस मामले में चुप्पी साधे रहे। सीओ प्रयांक जैन से बात की तो उनका कहना था कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी करने के बाद ही वह कुछ बता सकते हैं।