मैनपुरी। लॉकडाउन में तीन दिन बैंक बंद रहेंगी। इससे लोगों को कैश के लिए परेशानी का सामना करना पड़ेगा। अब सीधे मंगलवार को ही बैंक खुलेंगी। ऐसे में एटीएम पर ही सारा बोझ रहेगा। वहीं सबसे बड़ी चुनौती बैंक खुलने के बाद उनमें भीड़ को संभालना होगा।
शनिवार से लेकर सोमवार तक तीन दिन के लिए बैंक बंद हैं। दरअसल 23 मई को चौथा शनिवार,
24 मई को रविवार और 25 मई को ईद उल फितर के चलते बैंकों का अवकाश रहेगा।
लॉकडाउन के दौरान तीन दिन तक बैंक न खुलने से लोगों को कैश के लिए भटकना पड़ सकता है। बैंकों की छुट्टी के दौरान एटीएम ही एकमात्र सहारा होंगे। इससे लोगों को परेशानी होना तय है। इससे भी बड़ी परेशानी बैंक प्रशासन के लिए छुट्टी के बाद खड़ी होने वाली। दरअसल लॉकडाउन में कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में ही रोजाना बैंकों के बाहर भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में जब तीन दिन की छुट्टी के बाद बैंक खुलेंगे तो भीड़ और भी अधिक होगी। बैंकों को इसी बात की चिंता सता रही है कि आखिर भीड़ को किस तरह सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए बाध्य किया जाएगा।
एटीएम में कैश लोड करने के निर्देश
तीन दिन के अवकाश के दौरान कैश के लिए परेशानी न हो इसके लिए बैंक प्रशासन ने एक पत्र जारी किया है। अग्रणी जिला प्रबंधक की ओर से जारी पत्र में सभी शाखा प्रबंधकों को एटीएम में कैश लोड करने के लिए कहा गया है। इससे लोगों को छुट्टी के दौरान भी परेशान न होना पड़े।
तीन दिन बैंक का अवकाश है।अब सीधे मंगलवार को ही बैंक खुलेंगे। बैंक प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को कैश के लिए परेशान न होने पड़े। इसके लिए एटीएम में कैश फुल रखने के आदेश दिए गए हैं।
जोग्रिंद पाल, अग्रणी जिला प्रबंधक।
ज्योत्यवेंद्र दुबे