केरल विमान हादसे में यात्रियों की जान बचाने के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले को-पायलट अखिलेश कुमार के पार्थिव शरीर को रविवार सुबह मथुरा लाया गया। यहां नम आंखों से पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मालूम हो कि बीते दिनों एयर इंडिया विमान हादसे ने मथुरा निवासी को-पायलट अखिलेश शर्मा के परिवार की खुशियां छीन लीं। अखिलेश की पत्नी मेघा गर्भवती हैं। परिवार में खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले अखिलेश की मौत की खबर आ गई। इससे परिवार में मातम पसर गया। परिजन यकीन नहीं कर पा रहे कि अखिलेश अब इस दुनिया में नहीं हैं।
थाना गोविंद नगर क्षेत्र के पोतरा कुंड निवासी 32 वर्षीय अखिलेश कुमार भारद्वाज उर्फ दीपक पुत्र तुलसीराम एयर इंडिया में को-पायलट थे। शुक्रवार को केरल के कोझिकोड स्थित करीपुर एयरपोर्ट पर हुए एयर इंडिया विमान हादसे में उनकी मौत हो गई थी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अखिलेश कुमार शर्मा उर्फ दीपक की शादी वर्ष 2018 में धौलपुर की रहने वाली मेघा शर्मा के साथ हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती हैं और 15-20 दिन के अंदर डिलीवरी होने वाली है।
इसके चलते परिजनों ने अखिलेश की मौत की जानकारी मेघा को शाम होने तक नहीं दी। उन्हें केवल यही बताया गया कि विमान हादसे में उनके पति घायल हो गए हैं और उनको यहां लाने के लिए देवर भुवनेश रवाना हो गए हैं।
इसके बाद रविवार सुबह अखिलेश के पार्थिव शरीर को लेकर परिजन मथुरा पहुंचे। परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में अखिलेश की मौत की खबर से मातम पसर गया है।