कस्तूरबा की छात्राओं को जल्द मिलेगा नया भवन
- भोगांव के बाद घिरोर में भवन निर्माण का कार्य हुआ तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को जल्द उच्चीकृत भवन मिलने जा रहा है। भोगांव में जहां भवन निर्माण अंतिम दौर में है। वहीं, घिरोर में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। नवीन सत्र से भोगांव और घिरोर कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं को नए उच्चीकृत भवन मिलने के साथ कक्षा संचालन की तैयारी है।
जिले के कस्बा भोगावं, घिरोर और करहल में कक्षा 6 से 8 तक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का संचालन हो रहा है। शासन के निर्देश पर कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को उच्चीकृत करने का निर्णय लिया गया है। यहां कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं का भी संचालन शुरू होगा। इसके लिए भोगांव और घिरोर में जगह पर उच्चीकृत भवन तैयार कराया जा रहा है।
जिला समन्वयक बालिका पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि भोगांव में भवन निर्माण लगभग पूरा हो गया है। वहीं घिरोर में भवन निर्माण का कार्य तेज कर दिया गया है। उनका कहना है कि नवीन सत्र में 1 अप्रैल से यहां कक्षा संचालन की तैयारी है। घिरोर और भोगांव में एकेडमिक भवन के साथ ही हॉस्टल का भी निर्माण कराया गया है।
करहल में बनेगा एकेडमिक भवन
कस्तूरबा गांधी विद्यालय करहल में उच्चीकृत एकेडमिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। यहां हॉस्टल का निर्माण नहीं कराया जाएगा। यहां हॉस्टल का निर्माण पूर्व में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत कराया जा चुका है। इसी भवन को कस्तूरबा की छात्राओं के लिए प्रयोग किया जाएगा। करहल में बने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा विभाग के हॉस्टल के पास ही कस्तूरबा की छात्राओं के लिए एकेडमिक भवन की जगह चिन्हित की गई है। जल्द यहां भी एकेडमिक भवन का निर्माण होगा।