कासगंज में एंबुलेंस में मौजूद स्टाफ की वजह से सुरक्षित प्रसव हो सका। परिवार के लोग जो चिंतित थे, उन्होंने दोनों को सुरक्षित देख एंबुलेंस स्टाफ और कर्मियों का धन्यवाद दिया।
कासगंज के सिढ़पुरा क्षेत्र में एक बार फिर एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव की खबर सामने आई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस में प्रसूता लक्ष्मी देवी ने एक (शिशु) लड़के को जन्म दिया। इस महत्वपूर्ण घटना में एंबुलेंस कर्मियों और आशा ने एक बार फिर से अपनी भूमिका को बखूबी निभाया।
विज्ञापन
गांव हमीरपुर के रहने वाले साहब सिंह की पत्नी लक्ष्मी को बीती रात प्रसव पीड़ा होने पर 108 नम्बर पर कॉल किया गया। कॉल रात 10:53 बजे की गई थी और इसके कुछ ही देर बाद एंबुलेंस उनके घर पहुंच गई। एंबुलेंस पर मौजूद ईएमटी जगवीर कुमार, एंबुलेंस चालक पारस कुमार और आशा सुशीला देवी ने तुरंत आवश्यक कदम उठाए और सुरक्षित प्रसव कराने में सफल रहे।
जच्चा और बच्चा दोनों को एंबुलेंस द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा लाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। स्टाफ नर्स संगीता ने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। कासगंज के प्रोग्राम मैनेजर शुभम सिंह, जिला प्रभारी मोहित श्रीवास्तव, और विमल यादव ने इस घटना की पुष्टि की और एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और समर्पण की सराहना की।