फोटो 40 गंजडुंडवारा के गणेशपुर क्रासिंग खुलने पर शुरू हुआ आवागमन। स्रोत संवाद
गंजडुंडवारा। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से समपार संख्या 223-सी पर नई रेल पटरियां बिछाई जाएंगी। इसके कारण मोहनपुर फाटक 19 अगस्त की सुबह 6 बजे से 20 अगस्त की दोपहर 12.30 बजे तक बंद रहेगा। रेलवे की ओर से 30 घंटे तक फाटक बंद करके पटरी बदली जाएंगी।
रेलवे में रेल पथ विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर नरेश कुमार ने बताया है कि गंजडुंडवारा स्थित समपार संख्या 223-सी पर मशीनों की मदद से नई रेल पटरियां बिछाने का काम किया जाना है। इसकी वजह से मोहनपुर फाटक मंगलवार की सुबह 6 बजे से 30 घंटे तक बंद रहेगा। यह कार्य रेल संरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। इस दौरान मोहनपुर फाटक से होकर गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग गनेशपुर फाटक से होकर गुजारा जाएगा। जाम की स्थिति न बनें इसलिए भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
48 घंटे बाद खुली गनेशपुर क्रॉसिंग
गंजडुंडवारा। नई रेल पटरी बिछाने का काम पूरा होने के बाद रविवार से गनेशपुर क्रॉसिंग दोबारा से खुल गई है। इससे एटा की ओर आने और जाने वाले लोगों ने राहत की सांस ली। क्रॉसिंग फिर से खुलने से ट्रैफिक सामान्य तौर पर गुजरता रहा।
रेलवे ने गंजडुंडवारा यार्ड स्थित समपार संख्या 221-ए पर नई पटरी बिछाने का काम किया। इसके चलते गनेशपुर फाटक 14 अगस्त की सुबह 6 बजे से 48 घंटे तक बंद रहा। इस दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्गाें से होकर गुजारा गया। सबसे ज्यादा परेशानी एटा की ओर जाने वाले वाहनों को हुई। उन्हें मोहनपुर फाटक समेत अन्य रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, दूसरे फाटकों पर ट्रैफिक लोड बढ़ने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेलवे का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद गनेशपुर फाटक फिर खुल गया है।