कासगंज। पूर्वोत्तर रेलवे ने पर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को लेकर लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए हैं। रेलवे ने इस ट्रेन काे 3 नवंबर तक चलाने को निर्णय लिया है। ट्रेन के फेरे बढ़ाने से यात्रियों का सफर आसान होगा।
त्योहारों पर घर लौटने वाले लोगों की ट्रेन में भीड़ अधिक रहती है। इससे भीड़ में सफर करने पर यात्रियों को दिक्कतें होती हैं। रेलवे ने लोगों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 05045-46 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक ट्रेन के 6 फेरे बढ़ाए हैं। यह ट्रेन लालकुआं से राजकोट के लिए रविवार को चलाई जाती है। ट्रेन का संचालन लालकुआं से 7 से 14 सितंबर व 12 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 6 फेरे संचालित किए जाएंगे। वापसी में यह ट्रेन राजकोट से लालकुआं के लिए 08 से 15 सितम्बर, 13 अक्टूबर से 03 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलाई जाएगी। लालकुआं स्पेशल ट्रेन रविवार की दोपहर 1:10 बजे राजकोट के लिए रवाना होगी। किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, सोरों शूकर, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, मथुरा जं., भरतपुर, दौसा होते हुए दूसरे दिन जयपुर, फुलेरा, नावा सिटी, मकराना, मेड़ता रोड, जोधपुर, लूनी, समदड़ी जं., मोकलसर , जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी, पाटन, महेसाना जं., वीरमगाम, सुरेन्द्रनगर, वीकानेर जं. होते हुए राजकोट शाम 6:10 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन राजकोट से रात 10:30 बजे लालकुआं के लिए चलेगी और इसी मार्ग से होते हुए तीसरे दिन लालकुआं सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए हैं।