गंजडुंडवारा में हरियाली तीज पर्व पर लगे मेला में देखने पहुंचे लोग।
- फोटो : संवाद
कासगंज। कांवड़ मेले में कोई अव्यवस्था न हो इसका लेकर प्रशासन व पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आया। लहरा गंगाघाट पर ड्रोन से निगरानी की गई। घाट पर भीड़ का दबाव बढ़ते ही पुलिस ने श्रद्धालुओं के ट्रैफिक को कछला गंगाघाट की ओर डायवर्ट कर दिया जिससे कोई अव्यवस्था न हो।
कांवड़ियों के आने जाने के लिए दो अलग अलग रूट भी तय किए गए। एक रूट से कांवड़िये लहरा घाट की ओर पहुंच रहे थे तो दूसरे रूट से कांवड़िये गंतव्य की ओर रवाना हो रहे थे। वहीं कासगंज-सोरोंजी मार्ग पर कांवड़ियों के लिए फोरलेन सड़क की एक पट्टी रिजर्व कर दी। सोरोंजी की ओर से कासगंज आने वाली साइड पर केवल कांवड़ियों की टोलियां ही चल रहीं थीं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। एक एएसपी, छह सीओ, 21 इंस्पेक्टर, 55 दरोगा, 178 सिपाही समेत करीब 400 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी, दो प्लाटून फ्लड यूनिट और पांच फायर टेंडर तैनात किए गए। वहीं जगह जगह रूट डायवर्जन प्वाइंट पर पुलिस तैनात थी। चार सौ से अधिक पुलिसकर्मी कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं में लगाए गए। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, एसडीएम संजीव कुमार, सीओ आंचल चौहान, कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी जगदीश चंद्र लहरा गंगाघाट और मार्ग पर व्यवस्थाएं देख रहे थे। वहीं कासगंज मार्ग पर सदर कोतवाली के इंस्पेटर लोकेश भाटी व पुलिसबल सक्रिय था। यातायात व्यवस्था में सीओ ट्रैफिक अमित कुमार, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह जुटे नजर आए।
घाट पर सक्रिय नजर आए गोताखोर
कासगंज। सोरोंजी से लहरा गंगाघाट पर गोताखोरों की सक्रियता बरकरार बनी रही। गंगाघाट पर प्रशासन के द्वारा बनाए गए शिविर में गोताखोर हर समय मौजूद रहे। जिससे गंगा के पानी में कोई श्रद्धालु न डूब जाए। वहीं स्टीमर से भी निगरानी की जा रही थी।
वर्जन-
- कांवड़ मेला में पूरी चाैकसी बरकरार है।कड़े इंतजाम किए हैं। घाट पर किसी भगदड़ या अव्यवस्था न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। शांतिपूर्वक मेला संचालित हो रहा है। करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के कांवड़ भरकर ले जाने का अनुमान है- राजेश भारती, एएसपी।