कासगंज/गंजडुंडवारा। बीएड के अंतिम वर्ष के परीक्षार्थियों की परीक्षा तीन केंद्रों पर सोमवार से शुरू हो गई। परीक्षा के पहले दिन तीनों केंद्रों पर 165 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
श्रीमती शारदा देवी जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय में 674 परीक्षार्थियों का केंद्र निर्धारित किया गया। परीक्षा के पहले दिन 90 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए नहीं पहुंचे। 584 परीक्षार्थियों ने अपनी परीक्षा दी। कोठीवाल आढ़तिया महाविद्यालय में 721 परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया है। पहले दिन 65 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए नहीं पहुंचे। 656 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज में 402 परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया है। पहले दिन 10 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को लेकर तीनों केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए। परीक्षार्थियों को जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। इसके साथ ही कड़ी सुरक्षा और सतर्कता के केंद्रों पर इंतजाम रहे। श्रीमती शारदा देवी जौहरी की प्राचार्या भावना टिमल ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन किया गया। गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।