कासगंज। अमांपुर के ग्राम बहेड़ी निवासी युवक का सहारनपुर में अपने कमरे पर मृत अवस्था में पाया गया। परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। अमांपुर पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहेड़ी निवासी युवक सतेंद्र (28) पुत्र चंद्रपाल सहारनपुर में फेरी लगाने का काम करता है। वह सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में किराए पर रहता है। वह अपने कमरे पर सुबह के समय मृतक अवस्था में मिला। वहां रह रहे गांव के अन्य लोगों ने उसके शव को देखा तो वे उसे गांव ले आए। देर शाम उसका शव गांव पहुंच गया। उसका शव पहुंचते ही चीत्कार मच गया। युवक के मुंह से खून निकलने तथा चेहरे पर चोट के निशान पाए गए।
यह देखकर परिजन दंग रह गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टमके लिए भेज दिया। अमांपुर थाना प्रभारी गंगा प्रसाद का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही स्थिति सामने आ सकेगी। मामला सहारनपुर जनपद से जुड़ा हुआ है। इसलिए जो भी कार्रवाई होगी वह वहां के ही थाने से की जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट वहां भेज देगी।