कासगंज। जनपद न्यायालय में जिला जज दिवेश चंद्र सामंत के निर्देश पर वर्चुअल माध्यम से न्यायिक कार्य किए जा रहे हैं। अब वादों से जुड़े प्रपत्र और प्रार्थना पत्र न्यायालयों में बनाए गए विशेष काउंटरों पर भौतिक रूप से दिए जा सकेंगे, लेकिन मामलो की सुनवाई न्यायिक कर्मचारियों की सीमित संख्या के साथ वर्चुअल माध्यम से ही करेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नितिशा सिंह ने बताया कि जिला जज के 15 जून के प्रशासनिक आदेश के अनुसार वर्चुअली न्यायिक कार्य किया जा रहा है। आदेशों के अनुरूप आवश्यक लंबित एवं नवीन जमानत, रिहाई, 164 सीआरपीसी के बयान अंकित करने, रिमांड, आवश्यक प्रकीर्ण दांडित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण, लघु आपराधिक वादों का निस्तारण वर्चुअली किया जा रहा है। इसके अलावा सिविल प्रकृति के वाद एवं अन्य सिविल वाद की वर्चुअल सुनवाई भी हो रही है। इन सभी मामलों के सभी प्रार्थना पत्र और प्रपत्र न्यायालय में बनाए गए विशेष काउंटर पर जमा किए जाएंगे। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार सभी कार्य संपादित होंगे।