हिंसा के दौरान दुकान में लगाई आग
- फोटो : अमर उजाला
शहर में भड़की हिंसा की आग में बच्चों की पढ़ाई भी झुलस गई है। बोर्ड परीक्षार्थी खासे दहशत में हैं। हालांकि तीसरे दिन हालात में सुधरने के बाद प्रशासन ने सोमवार से स्कूल-कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। जिन विद्यालयों में गृह परीक्षाएं हो रही हैं, उनमें परीक्षाएं कराई जाएंगी।
शुक्रवार को हिंसा भड़कने के बाद प्रशासन ने शनिवार को सभी स्कूल कॉलेज बंद करा दिए थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहा। रविवार को छुटपुट घटनाओं को छोड़कर शांति रही। इसके बाद दोपहर के समय प्रशासन ने शांति समिति की बैठक कराने के बाद बाजार खुलवाने के साथ ही स्कूल कॉलेजों को खुलवाने का निर्णय लिया।
कासगंज हिंसा के बाद एटा में अफवाह फैलने से हड़कंप, दुकानदारों ने गिराए शटर
डीएम आरपी सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को क्षेत्र के विद्यालयों को सोमवार से खुलवाने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इस बार 76 परीक्षा केंद्रों पर जिले के 50106 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इसमें 218 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। मगर, हिंसा की वजह से इनकी पढ़ाई प्रभावित हो गई है। बच्चे अपने माता-पिता से घटनाक्रम के बाद शहर के हालात को लेकर पूछताछ करते रहे। बच्चों का मन पढ़ाई में नहीं लग रहा है। उनके दिल और दिमाग पर आगजनी और पथराव की घटनाएं ही छाई हुई हैं। बोर्ड परीक्षार्थी खासे परेशान हो गए हैं।