आगरा। आगरा में क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा का चयन बीसीसीआई के प्रतिष्ठित इमर्जिंग मेंस टूर्नामेंट के लिए हुआ है। आईपीएल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद अब कार्तिक के सामने देश के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ियों के बीच खुद को साबित करने का अवसर होगा। कार्तिक के चयन की जानकारी मिलने पर शहर के क्रिकेटप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बीसीसीआई की ओर से गठित टीमों में शामिल किए गए कार्तिक शर्मा 6 से 24 जुलाई तक बंगलूरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित इमर्जिंग मेंस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता को भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी तैयार करने वाला बड़ा मंच माना जाता है। भरतपुर निवासी कार्तिक शर्मा ने आगरा में कोच लोकेंद्र चाहर के मार्गदर्शन में तकनीक, फिटनेस और मैच टेम्परामेंट पर लगातार काम किया।
यही मेहनत उन्हें पहले घरेलू क्रिकेट, फिर आईपीएल और अब इमर्जिंग मेंस टूर्नामेंट तक ले आई है। पूर्व रणजी विकेट कीपर बल्लेबाज सर्वेश भटनागर का मानना है कि कार्तिक की विकेटकीपिंग के साथ-साथ तेज गति से रन बनाने की क्षमता उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
पिता मनोज शर्मा ने कहा कि कार्तिक ने बचपन से ही क्रिकेट को अपना लक्ष्य बनाया था। उसने हर स्तर पर कड़ी मेहनत की और चुनौतियों का सामना किया। आगरा में उसे बेहतर माहौल और मार्गदर्शन मिला, जिसका फायदा उसके खेल में साफ दिखाई देता है। हमें उम्मीद है कि वह इमर्जिंग मेंस टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन करेगा और देश के लिए खेलने का सपना पूरा करेगा।