करहल। थाना पुलिस ने मंगलवार की देर शाम चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार तीन संदिग्धों का पीछा किया। इस दौरान एक सवार ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। कुछ दूरी पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुआ। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव नगला राजा निवासी हरेंद्र कुमार की 12 मई को स्कूटी चोरी हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन वाहन चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार चौहान ने बताया कि मंगलवार को वह क्षेत्र में चेकिंग पर थे। तभी सूचना मिली कि स्कूटी सवार तीन संदिग्ध सिरसागंज की ओर से आ रहे हैं।
पुलिस ने बघेरा पुल के पास घेराबंदी कर जब रुकने का इशारा किया तो संदिग्ध मुड़ कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हरेंद्र की चोरी की गई स्कूटी, एक मोबाइल, एक तमंचा, दो कारतूस व चाकू बरामद हुआ।
आरोपियों ने अपने नाम प्रथम सिंह, योगेंद्र निवासी कारीखेड़ा थाना सिरसागंज फिरोजाबाद और पारस सिंह निवासी गढ़ी राठौर थाना खंदौली आगरा बताया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बदमाशों ने स्कूटी चोरी की वारदात कबूल की। इन लोगों ने कुछ दिन पूर्व किराए पर लाई गई टैक्सी के चालक द्वारा रुपये मांगने पर पिटाई की थी।