उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनी कस्बे में सोमवार रात बाइक में कार की टक्कर लगने पर कांवड़ियों और स्थानीय युवक के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। गुस्साए कांवड़ियों ने युवक की कार में तोड़फोड़ की। युवक ने सोने की जंजीर लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है।
क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी अवनीश यादव सोमवार शाम को अपनी मां को दवा दिलाने के लिए कार से किशनी आया था। रात करीब पौने दस बजे प्राइबेट बस स्टैंड के पास कार की टक्कर वहां से गुजर रहे कांवड़ यात्री की बाइक में लग गई।
इससे दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कांवड़ियों ने एकजुट होकर अवनीश यादव और उसकी बहन नीलम यादव के साथ मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ की। इससे गाड़ी का शीशा टूट गया। युवक ने कांवड़ियों पर सोने की जंजीर लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही देर में अवनीश यादव पक्ष के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने चार कांवड़ियों को पीटकर घायल कर दिया। इस बीच अन्य कांवड़ियों के एकत्रित होने पर अवनीश यादव पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। युवक की ओर से थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है।