आगरा। यमुना तट पर स्थित राधानगर शिव मंदिर में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय शांति सद्भावना मिशन ने झांकी महोत्सव मनाया। जिसमें कान्हा की बाल लीलाओं का जीवंत रूप दिया गया।
वासुदेव महाराज ने बाल गोपाल को शीश पर विराजमान कर कल-कल बहती यमुना लहरों को पार किया। यमुना जी अपने विराट स्वरूप में नन्हे कन्हैया का चरण स्पर्श करने के लिए आतुर थीं। ज्यों कान्हा मंदिर तट पर अवतरित हुए, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जयघोष से वातावरण गूंज उठा। इसके बाद कालिया नाग मर्दन, तेंदुल लीला आदि ने लोगों को भक्ति रस से सराबोर किया। श्रद्धालुओं ने एक साथ बाल स्वरूप श्रीकृष्ण की महाआरती उतारी।
अध्यक्ष जितेंद्र कुमार निगम ने बताया कि 17 अगस्त को शाम 4 बजे नंदोत्सव होगा। इस अवसर पर नरेंद्र तनेजा, अरविंद पाल, विमल गुप्ता, सत्यपाल जादौन, सरदार मंजीत सिंह, भजनलाल माखीजा, पूजा बंसल, ममता शर्मा, गिर्राज बंसल, पप्पी महेश्वरी, कपूर चंद रावत, महंत अमित तिवारी, पंडित दीपक स्वामी आदि मौजूद रहे।