भीषण सर्दी के साथ कोहरे ने रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। आलम ये है कि ट्रेन कई घंटे देरी से चल रही हैं। मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर आज सुबह यात्रीगण कालिंदी एक्सप्रेस का सुबह से इंतजार कर रहे थे, लेकिन ये ट्रेन 11.25 घंटे देरी से स्टेशन पर पहुंची।
मैनपुरी से कानपुर जाने के लिए कालिंदी एक्सप्रेस में सफर करने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों को इंतजार करते-करते ही स्टेशन पर शाम हो गई। कोहरे के चलते लगभग साढ़े 11 घंटे की देरी से जब ट्रेन पहुंची तो लोगों ने सफर किया। वहीं साप्ताहिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें भी निर्धारित समय की अपेक्षा देरी से पहुंचीं। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन
कोहरे के चलते रेल सेवा भी प्रभावित हो रही है। कानपुर जाने के लिए रविवार को सुबह साढ़े 3 बजे से ही स्टेशन पर पहुंचे लोगों को इंतजार करते-करते शाम हो गई। दरअसल भिवानी से चलकर कानपुर जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस सुबह 3.50 बजे मैनपुरी पहुंचती है। ऐसे में लोग कुछ देर पहले ही पहुंच गए थे। लेकिन यहां पहुंचकर पता चला कि ट्रेन देरी से चल रही है। पूरे दिन इंतजार के बाद लगभग साढ़े 11 घंटे बाद शाम 3.25 बजे मैनपुरी पहुंची। पूरे दिन इंतजार के बाद आधे यात्री तो अन्य साधनों से चले गए थे। बचे हुए लोगों ने ट्रेन में सफर किया।
वहीं कानपुर से चलकर आनंदविहार जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन भी करीब एक घंटे देरी से आई। दोपहर साढ़े 12 बजे के निर्धारित समय के बजाए ट्रेन डेढ़ बजे मैनपुरी पहुंची। बीते 10 दिन से ट्रेनें कोहरे के चलते लेटलतीफी से चल रही हैं।
पैसेंजर ट्रेनें भी हुईं लेट
मैनपुरी से होकर संचालित होने वाली दोनों पैसेंजर ट्रेनें भी कोहरे के चलते लेट रहीं। टूंडला से चलकर फर्रुखाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 9.31 बजे पहुंची। इसी तरह कासगंज से चलकर शिकोहाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन लगभग सवा घंटे की देरी से सुबह 10.43 बजे पहुंची।