मथुरा के रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में कबड्डी टूर्नामेंट में भाग लेने आए खिलाड़ी की मथुरा जंक्शन पर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया गया है कि खिलाड़ी सोने के बाद जगा ही नहीं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताया गया है कि रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में 29 जुलाई को कबड्डी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए त्रिपुरा से कोच समेत 22 खिलाड़ियों की टीम मथुरा आई। प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद खिलाड़ी सोमवार की देर रात स्टेशन पर पहुंच गए। मंगलवार सुबह वे तमिलनाडु की ट्रेन का इंतजार करते हुए खिलाड़ी सो गए।
ट्रेन आने पर कोच अरुण कुमार ने सभी खिलाड़ियों को जगाया। 20 खिलाड़ी तो जाग गए पर त्रिपुरा के वीरपांडी निवासी कार्तिक (15) पुत्र सिडेंल नहीं जगा। बार-बार जगाने पर नहीं जागा तो खिलाड़ियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में किशोर खिलाड़ी को जिला अस्पताल ले जाया गया।
यहां से उसे नयति हास्पीटल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने थोड़ी देर में उसे मृत घोषित कर दिया। खिलाड़ी की संदिग्ध मौत पर कोच समेत सभी खिलाड़ी के होश फाख्ता हो गए। कोतवाली पुलिस ने खिलाड़ी के शव को पोस्टमार्टम को भेजा। कोतवाली प्रभारी डीएन मिश्रा का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।