ताजनगरी आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बाइक को गेट से हटाने की बात कहने पर जूनियर डॉक्टरों ने गार्ड को पीट दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद पीड़ित गार्ड ने थाने में तहरीर दी है। साथ ही प्राचार्य से भी शिकायत की है।
एमजी रोड इमरजेंसी पर रात की शिफ्ट में गार्ड ड्यूटी दे रहे थे। उनका आरोप है कि सोमवार रात 12 बजे दो जूनियर डॉक्टर बाइक से वहां पर आए। उन्होंने बाइक को गार्ड के पास लाकर खड़ा कर दिया। इस पर गार्ड ने उनसे बाइक को साइड़ में खड़ी करने को कहा। इस पर डॉक्टर नाराज हो गए।
गार्ड से गाली गलौज करने लगे। शोर सुनकर अन्य जूनियर डॉक्टर ईडी से निकलकर मौके पर आ गए। सब ने मिलकर दोनों गार्डों को चारों तरफ से घेर लिया। इस पर उन्होंने विरोध किया तो डॉक्टर गार्ड को मारते हुए अंदर ले गए। इसके बाद जमकर पिटाई की। घटना के बाद से गार्ड सदमे में हैं। उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।
एसएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है। प्राेक्टोरियल बोर्ड को मामला सौंप दिया गया है। मंगलवार को बोर्ड के सदस्यों ने मामले की जांच भी की है। बुधवार को रिपोर्ट देंगे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एमएमगेट थानाध्यक्ष अजब सिंह छौंकर ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।