कासगंज। पटियाली कस्बा में बिना लाइसेंस के आरा मशीन को उखड़वाने गए वन दरोगा से आरा मशीन संचालक के द्वारा अभद्रता की गई। वन दरोगा ने आरामशीन संचालक के खिलाफ अभद्रता करना एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पटियाली के मोहल्ला चौक स्थित अवैध आरा मशीन संचालित होने की शिकायत वन विभाग के वन अधिकारी से की गई। शिकायत पर विभाग के वन दरोगा सुरेंद्र पाल जांच पड़ताल करने पहुंचे। उन्होंने पाया कि बिना लाइसेंस के अवैध तरीके से आरा मशीन का संचालन किया जा रहा है। उसे बंद करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरा मशीन बंद नहीं की गई। वन दरोगा बृहस्पतिवार की शाम आरा मशीन को उखड़वाने के लिए अपनी टीम के साथ पहुंचे।
जहां उनके साथ आरा मशीन संचालक वीरेंद्र सिंह के द्वारा अभद्रता की गई। वहीं सरकार कार्य में बाधा डाली गई। मामले में की तहरीर वन दरोगा के द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर आरोपी आरा मशीन संचालक वीरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गंगा प्रसाद ने बताया कि वन दरोगा की तहरीर के आधार पर आरा मशीन के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं।